ब्यूटी पार्लर की आड़ में चल रहा था गोरख धंधा, दो सगी बहनें समेत 3 गिरफ्तार
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां धर्मांतरण और सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में दो सगी बहनों समेत तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बागसेवनिया थाना क्षेत्र में दर्ज इस मामले ने पूरे शहर को हिला दिया है। पुलिस के मुताबिक अमरीन और आफरीन नाम की दो बहनें ब्यूटी पार्लर की आड़ में गरीब और जरूरतमंद लड़कियों को अपने जाल में फंसाती थीं। पहले उन्हें नौकरी और अच्छी तनख्वाह का लालच दिया जाता, फिर लग्जरी लाइफस्टाइल के सपने दिखाकर हाई-प्रोफाइल पार्टियों में ले जाया जाता। आरोप है कि वहां अमीर युवकों के सामने लड़कियों को पेश किया जाता था।
मामले का खुलासा तब हुआ जब छत्तीसगढ़ की एक ब्यूटीशियन युवती ने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उसने आरोप लगाया कि उसे नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म किया गया और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया। इसके बाद एक दूसरी पीड़िता भी सामने आई, जिसने नौकरी के बहाने शोषण और देह व्यापार में धकेले जाने की शिकायत की। पुलिस ने अमरीन, आफरीन और चंदन नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। एडीसीपी गौतम सोलंकी के मुताबिक, पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं और अन्य राज्यों में भी लड़कियों की सप्लाई की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने भरोसे का जाल बुनकर पहले दोस्ती की, फिर रिश्तेदारों और परिचितों के जरिए दबाव बनाकर संबंध बनवाए। पीड़िताओं का कहना है कि बदनामी के डर से वे लंबे समय तक चुप रहीं, लेकिन आखिरकार हिम्मत कर शिकायत दर्ज कराई। अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। सवाल उठता है—क्या इस गिरोह के तार और भी शहरों से जुड़े हैं? जांच जारी है, और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।