घर के अंदर मिला राइफल-पिस्टल का भंडार, मा र पी ट के आरोपी पकड़ने गई पुलिस, अवैध हथियारों का जखीरा बरामद
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पुलिस की एक दबिश ने बड़ा खुलासा कर दिया। मारपीट और फायरिंग के मामले में आरोपियों को पकड़ने पहुंची पुलिस जब घर के अंदर दाखिल हुई, तो नजारा देखकर दंग रह गई। घर से अवैध हथियारों का जखीरा बरामद हुआ है। पूरा मामला मॉडल टाउन इलाके का है। यहां गाड़ी हटाने की मामूली बात पर ब्यूटी पार्लर संचालिका और कुछ बदमाशों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि झगड़े के बाद बदमाशों ने महिला के घर के बाहर खड़ी कार में तोड़फोड़ की और फायरिंग कर दी। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी बंटी यादव और उसके परिजन कुरावली स्थित अपने पुश्तैनी घर में छिपे हो सकते हैं। जब शिरोल थाना पुलिस ने वहां दबिश दी, तो तलाशी के दौरान दो राइफल, तीन पिस्टल, एक कट्टा, 100 से अधिक कारतूस और दो मैगजीन बरामद हुईं। मौके से मिले हथियार अवैध बताए जा रहे हैं। पुलिस ने घर पर मौजूद मनीष यादव और उसकी बहन सपना यादव को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मुख्य आरोपी बंटी यादव, उसके पिता और दो बेटे फरार हैं। नामजद पांच आरोपियों में से चार का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है।
एएसपी विदिता डागर के अनुसार, सभी आरोपियों के खिलाफ अवैध हथियार रखने और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और फरार लोगों की तलाश में अलग-अलग टीमें दबिश दे रही हैं। अब सवाल यह है कि आखिर इतने हथियार एक घर में कैसे पहुंचे? क्या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है? पुलिस का कहना है कि जांच के बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। फिलहाल ग्वालियर में इस बरामदगी ने सनसनी फैला दी है।