तहसीलदार बोले जा म र जा? युवक ने मचादी अफरा-तफरी फिर वीडियो आया सामने
मध्य प्रदेश के देवास जिले की खातेगांव तहसील में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब तहसीलदार और एक युवक के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि युवक ने गुस्से में खुद पर पेट्रोल डाल लिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और प्रशासनिक व्यवहार पर सवाल खड़े कर रहा है। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को खातेगांव तहसीलदार अवधेश यादव अपनी टीम के साथ ग्राम राजौर में शासकीय भूमि का निरीक्षण करने पहुंचे थे। यहां नर्मदा परिक्रमा के लिए प्रस्तावित आश्रय स्थल निर्माण और पौधरोपण की योजना को लेकर जमीन देखी जा रही थी। बताया जा रहा है कि जिस भूमि का निरीक्षण हो रहा था, उस पर श्यामलाल केवट का कब्जा था।
निरीक्षण के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। वायरल वीडियो में कथित रूप से तहसीलदार को आपा खोते हुए अपशब्द कहते सुना जा सकता है। विवाद के बीच श्यामलाल के बेटे धीरज केवट ने खुद पर पेट्रोल डाल लिया और आत्मदाह की धमकी दे डाली। मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए युवक से माचिस छीन ली, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि वीडियो में धक्का-मुक्की और तनाव की स्थिति साफ दिखाई दे रही है।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर प्रशासनिक अधिकारियों के व्यवहार को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। फिलहाल इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अब बड़ा सवाल यह है कि सरकारी भूमि विवाद के दौरान संवाद और संवेदनशीलता की जगह टकराव क्यों देखने को मिला? क्या इस मामले में जांच होगी और जिम्मेदारी तय की जाएगी? फिलहाल पूरा मामला चर्चा में है और सभी की नजर प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी है।