ऑनलाइन गेमिंग की लत ने ली दो जान, कर्ज से टूटे पिता ने परिवार संग दी जान, बेटी और पिता की मौत
मध्य प्रदेश के शहडोल से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। ऑनलाइन गेमिंग की लत ने एक हंसते-खेलते परिवार को पलभर में तबाह कर दिया। कर्ज और मानसिक तनाव से टूटे पिता ने जहर मिली कोल्ड ड्रिंक पत्नी और बेटी को पिलाई और खुद भी पी ली। इस दर्दनाक घटना में पिता और बेटी की मौत हो गई, जबकि पत्नी अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है। पुलिस के मुताबिक, पुरानी बस्ती इलाके में रहने वाले शंकर लाल गुप्ता ऑनलाइन BDG और AVIATOR जैसे गेम खेलते थे। बताया जा रहा है कि इस दौरान वे करीब 4 लाख रुपए हार गए। बढ़ते कर्ज और आर्थिक दबाव ने उन्हें मानसिक रूप से तोड़ दिया।
घटना के दिन शंकर लाल ने अपनी पत्नी राजकुमारी गुप्ता और 16 वर्षीय बेटी स्वाति गुप्ता को जहर मिली कोल्ड ड्रिंक पिलाई और खुद भी जहर पी लिया। हालत बिगड़ने पर तीनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान पहले बेटी स्वाति ने दम तोड़ दिया। परिजन उसका अंतिम संस्कार कर घर लौटे ही थे कि कुछ देर बाद शंकर लाल की भी मौत हो गई। फिलहाल पत्नी राजकुमारी गुप्ता आईसीयू में भर्ती हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि घटना के समय परिवार का 15 वर्षीय बेटा अनिकेत घर पर मौजूद नहीं था। वह इस हादसे से बच तो गया, लेकिन अब उसके सिर से पिता और बहन का साया उठ चुका है, जबकि मां अस्पताल में जिंदगी के लिए संघर्ष कर रही हैं। एएसपी अभिषेक दिवान के अनुसार, पूरे मामले की जांच की जा रही है। ऑनलाइन गेमिंग के बढ़ते खतरे और इसके सामाजिक दुष्परिणामों पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। यह घटना चेतावनी है कि लत और कर्ज का दबाव किस तरह परिवारों को बर्बादी के कगार पर ला सकता है।