अमोनिया गैस रिसाव से हड़कंप, 5 लोग अस्पताल में भर्ती, सिलेंडर काटने वाला कबाड़ी गिरफ्तार
मध्य प्रदेश के इंदौर में गुरुवार देर रात में गैस रिसाव से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मामला रावजी बाजार थाना क्षेत्र का है, जहां गैस फैलते ही लोगों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और उल्टी जैसी शिकायतें होने लगीं। एहतियातन दो महिलाओं समेत पांच लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन के मुताबिक सभी की हालत स्थिर है। पुलिस के अनुसार, ककतपुरा पुल के नीचे शहजाद नाम का कबाड़ी गैस से भरा सिलेंडर काट रहा था। इसी दौरान सिलेंडर में मौजूद अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया। गैस तेजी से आसपास के क्षेत्र में फैल गई, जिससे वहां मौजूद लोगों में घबराहट फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात को संभाला।
दमकल कर्मियों ने सिलेंडर को कब्जे में लेकर क्षेत्र से हटाया और गैस के असर को कम करने के लिए पानी का छिड़काव किया। कई रहवासी एहतियात के तौर पर अपने घरों से बाहर निकल आए। कुछ लोगों और पुलिसकर्मियों ने मुंह-नाक पर कपड़ा बांधकर खुद को सुरक्षित रखने की कोशिश की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव हासानी ने बताया कि प्रभावित पांचों लोगों का इलाज जारी है और सभी की स्थिति सामान्य है। वहीं एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि घटना में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ और स्थिति रात में ही नियंत्रण में कर ली गई थी। पुलिस ने कबाड़ी शहजाद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही से सिलेंडर काटने के दौरान गैस रिसाव की बात सामने आई है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी