मौ त का ड र दिखाकर 30 हजार की ठगी, ढों गी बाबाओं का खेल, CCTV में कैद हुई वारदात
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में ढोंगी बाबाओं की ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हजीरा थाना क्षेत्र की राधा विहार कॉलोनी में रहने वाले एक परिवार को जादू-टोने और अनिष्ट का डर दिखाकर 30 हजार रुपए ठग लिए गए। जानकारी के मुताबिक, दो युवक बाबा के वेश में घर पहुंचे। उन्होंने आटा मांगा और फिर परिवार के बारे में ऐसी बातें बतानी शुरू कीं कि घरवालों को उन पर भरोसा होने लगा। बाबाओं ने दावा किया कि परिवार पर बड़ा संकट मंडरा रहा है और अगर तुरंत पूजा-पाठ नहीं कराया गया तो अनिष्ट हो सकता है।
धीरे-धीरे उन्होंने परिवार को डर के जाल में फंसा लिया। एक बाबा घर के अंदर बैठकर मंत्र पढ़ने का नाटक करता रहा, जबकि दूसरा बाहर खड़ा रहा। अंदर बैठकर उसने कहा कि पूर्वजों की आत्मा संदेश दे रही है और परिवार के बेटे के साथ बड़ा हादसा होने वाला है। यह सुनकर परिवार घबरा गया। इसके बाद बाबाओं ने सात दिन की विशेष पूजा का सुझाव दिया और प्रतिदिन 4 हजार रुपए खर्च बताकर कुल 30 हजार रुपए ले लिए। रकम मिलते ही दोनों मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद परिवार को ठगी का अहसास हुआ।
पूरी वारदात घर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई। पीड़ित ने मामले की शिकायत हजीरा थाना में दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। इस मामले पर जयराज कुबेर ने कहा कि लोगों को ऐसे ढोंगी बाबाओं से सतर्क रहना चाहिए और किसी भी तरह के डर या अंधविश्वास में आकर पैसे न दें। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत सूचना दें, ताकि ऐसे ठगों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।