Sagar - 2 मार्च से होने वाली यात्री बस हड़ताल रद्द, मुख्यमंत्री के साथ बैठक होने के बाद फैसला
सागर सहित मध्य प्रदेश में होने वाली यात्री बस हड़ताल रद्द कर दी गई है शनिवार की रात मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ बस ऑपरेटरो की बैठक हुई थी जिसके बाद यह हड़ताल वापस लेने का ऐलान किया गया है मध्य प्रदेश में नई परिवहन नीति और बढ़ाए गए टैक्स को वापस लेने की मांग को लेकर 2 मार्च से हड़ताल करने का ऐलान किया गया था
मुख्यमंत्री के निर्देश पर टैक्स बढ़ोतरी से जुड़े हालिया दोनों नोटिफिकेशन फिलहाल होल्ड कर दिए गए हैं। अब संशोधन के बाद ही इन्हें दोबारा जारी किया जाएगा। साथ ही परिवहन नीति में बस ऑपरेटर एसोसिएशन की मांगों को शामिल कर आवश्यक बदलाव करने पर सहमति बनी है।
मध्यप्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन के महामंत्री जयकुमार जैन ने कहा कि सरकार द्वारा संबंधित नोटिफिकेशन होल्ड किए जाने के बाद 2 मार्च की हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया गया है। प्रदेश में बस संचालन यथावत जारी रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक ग्रामीण अंचल तक यात्रियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है। इस दिशा में सरकार आवश्यक सभी कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।
अधिकारियों के अनुसार हाल ही में जारी दो नोटिफिकेशन विवाद की मुख्य वजह बने थे। पहला नोटिफिकेशन यात्री बसों पर टैक्स दरों में वृद्धि से संबंधित था। दूसरा नोटिफिकेशन मौजूदा बस परमिट व्यवस्था में बदलाव से जुड़ा था। इसके तहत निजी बस परमिट समाप्त कर संचालन की व्यवस्था एक सरकारी एजेंसी के माध्यम से करने और फिर बसों को मालिकों को किराए पर देने का प्रस्ताव था