होली का जश्न में मधुमक्खियों के हमले से भ ग द ड़, फिर छात्रों में झ ड़ प, देखिये
एमपी के शहडोल में होली का रंग उस वक्त फीका पड़ गया, जब जश्न के बीच अचानक मधुमक्खियों के हमले ने माहौल को अफरा-तफरी में बदल दिया। मामला पंडित शंभूनाथ विश्वविद्यालय परिसर का है, जहां होली मिलन समारोह के दौरान छात्र-छात्राएं रंग-गुलाल और डीजे की धुन पर झूम रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, परिसर में बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे। उत्साह चरम पर था, तभी अचानक मधुमक्खियों का झुंड कार्यक्रम स्थल की ओर आ गया और छात्रों पर हमला कर दिया। जैसे ही मधुमक्खियां भिनभिनाती हुई भीड़ के बीच पहुंचीं, छात्र-छात्राएं जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ छात्र गिरते-पड़ते नजर आए, जिससे मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। राहत की बात यह रही कि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
मधुमक्खियों के हमले से मची अफरा-तफरी के बीच ही छात्रों के दो गुटों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की और झूमा-झपटी तक पहुंच गया। मौके पर मौजूद अन्य छात्रों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पहले छात्र रंगों में सराबोर डांस करते दिखते हैं और फिर अचानक भागते नजर आते हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में इसी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में कथित तौर पर दूषित भोजन परोसे जाने का मामला भी चर्चा में रहा था। ऐसे में होली समारोह के दौरान हुई इस घटना ने एक बार फिर व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन सवाल यही है—क्या इतने बड़े आयोजन में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर पर्याप्त तैयारी की गई थी? होली का यह जश्न अब रंगों से ज्यादा सवालों के कारण चर्चा में है।