नेशनल हाईवे पर ट्रक ने कार को डेढ़ KM तक घ सी टा, और फिर देखिये | SAGAR TV NEWS |
एमपी के ग्वालियर में नेशनल हाईवे-44 पर रफ्तार का ऐसा खौफनाक मंजर सामने आया, जिसने राहगीरों की रूह तक कंपा दी। डबरा-ग्वालियर मार्ग पर कल्याणी तिराहे के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। लेकिन हादसा यहीं नहीं रुका—टक्कर के बाद ट्रक चालक ने वाहन रोकने के बजाय कार को करीब एक से डेढ़ किलोमीटर तक घसीटते हुए आगे बढ़ा दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक क्रमांक RJ 11 GC 2456 डबरा से ग्वालियर की ओर जा रहा था। तभी उसने कार क्रमांक MP 07 ZG 9779 को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर के बाद कार ट्रक के अगले हिस्से में फंस गई। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि कार ट्रक से चिपकी हुई हाईवे पर घसीटती चली जा रही है, जबकि आसपास के लोग चीख-चिल्लाकर ट्रक चालक को रुकने का इशारा कर रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार कार में चार लोग सवार थे। हादसे के दौरान वे कार के अंदर ही फंसे रहे और लगातार मदद के लिए चिल्लाते रहे। कई राहगीरों ने अपने वाहनों से ट्रक का पीछा कर उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने स्पीड कम नहीं की। गनीमत रही कि इस भीषण हादसे में किसी की जान नहीं गई और सभी सवार सुरक्षित बच गए। बताया जा रहा है कि कार में स्पेशल आर्म्ड फोर्स (SAF) के अधिकारी सवार थे, जो ओरछा से लौट रहे थे। घटना टेकनपुर सीमा के बाहर बझेरा गांव की पुलिया के पास हुई और ट्रक कार को डिफेंस पार्क के सामने तक घसीटता ले गया।
कुछ दूरी पर चालक ट्रक छोड़कर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन लोगों ने पीछा कर उसे बिलौआ हाईवे के पास पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई भी कर दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सवाल यही है—हाईवे पर आखिर कब थमेगा रफ्तार का यह कहर?