बेटे की किडनैपिंग का फर्जी वीडियो दिखाकर 1 लाख की ठगी, AI डीपफेक से सनसनी !
मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में साइबर अपराध का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां AI डीपफेक तकनीक का इस्तेमाल कर बदमाशों ने बेटे के अपहरण और जान से मारने का फर्जी वीडियो दिखाकर माता-पिता से एक लाख से ज्यादा रुपये ठग लिए। मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
घटना एमआईजी थाना क्षेत्र की है। यहां रहने वाले गोविंद प्रजापत और पूजा प्रजापत का बेटा 2 फरवरी को कोचिंग जाने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। 3 फरवरी को दंपति के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से वीडियो कॉल आया। कॉल करने वाले ने स्क्रीन पर उनके बेटे को चाकू मारते हुए दिखाया और जान से मारने की धमकी देकर पैसे की मांग की।
घबराए माता-पिता ने बेटे की जान बचाने के लिए बताए गए बैंक खाते में करीब 1 लाख 2 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। लेकिन कहानी में बड़ा मोड़ तब आया, जब 4 फरवरी को बेटा सुरक्षित घर लौट आया। पूछताछ में उसने बताया कि वह बिना बताए मंदिर दर्शन के लिए गया था। इसके बाद परिवार को एहसास हुआ कि वे साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं और तुरंत इंदौर क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई। जांच में चौंकाने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
राजेश दंडोतिया (एडिशनल डीसीपी) के मुताबिक जिस नंबर से कॉल आया, वह सिम हरियाणा से जारी हुआ था। जिस बैंक खाते में रकम ट्रांसफर हुई, वह उत्तर प्रदेश का निकला, जबकि राशि बिहार के एटीएम से निकाली गई। पुलिस अब इस पूरे साइबर गिरोह की कड़ियां जोड़ रही है। AI डीपफेक के जरिए ठगी का यह मामला न सिर्फ डराने वाला है, बल्कि आम लोगों के लिए बड़ा अलर्ट भी—वीडियो कॉल पर दिखने वाली हर चीज सच नहीं होती। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।