मंडी में फसल तौल में धांधली, किसानों के हक़ पर डांका,प्रति क्विंटल 15 किलो कम तौल !
मंडी में की जा रही फसल की तौल में डांका डालने जैसे गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। किसानों ने बड़ी धांधली का आरोप लगाया है। एमपी के उज्जैन में मंडी में की जा रही तौल में इसी को लेकर घमासान मचा हुआ है। जहां विधायक महेश परमार खुद किसानों के साथ धरने पर बैठ गए। बताया गया की उज्जैन की कृषि उपज मंडी में इन दिनों फसल की तौल को लेकर माहौल पूरी तरह गर्माया हुआ है। मंडी में किसानों की उपज तौलने के नाम पर हो रही कथित गड़बड़ी को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। विधायक महेश परमार और किसान अध्यक्ष अशोक जाट ने मंडी प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल दिया।
विधायक का दावा है कि मंडी में तौल के दौरान किसानों की मेहनत पर डांका डाला जा रहा है। प्रति क्विंटल करीब 15 किलो तक कम तौल किया जा रहा है। जिससे अन्नदाताओं को भारी आर्थिक चोट पहुंच रही है। जिसके विरोध में कांग्रेस विधायक महेश परमार मंडी परिसर पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि इस संबंध में पूर्व में भी मंडी सचिव को शिकायत की जा चुकी थी। लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
प्रशासन की इसी सुस्ती के चलते उन्हें किसानों के हक की आवाज बुलंद करने के लिए मैदान में उतरना पड़ा। धरने के दौरान बड़ी संख्या में किसानों ने भी विधायक का समर्थन किया और निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई। विधायक महेश परमार ने साफ़ कहा की किसानों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है कि अगर जल्द ही इस मामले में पारदर्शी जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो इस आंदोलन को और भी उग्र रूप दिया जाएगा।