सागर- ट्रेक्टर ने बाइक सवार चार लोगों को मारी टक्कर, दो युवकों को करना पड़ा रैफर | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले के खुरई देहात थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसा सामने आया। जहां ट्रेक्टर की टक्कर की वजह से बाइक सवार चार लोग घायल हो गए। जिनमें से दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिन्हे सागर जिला अस्पताल रैफर करना पड़ा। जबकि बाकी दो लोगों का इलाज सिविल अस्पताल में किया गया। हादसे के बाद ट्रेक्टर चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि इस घटना में बड़ी लापरवाही भी सामने आई है। क्योंकि जो चार युवक सड़क हादसे का शिकार हुए हैं। वह चारों एक ही बाइक पर सवार बताये जा रहे हैं।
यह पूरा मामला खुरई देहात थाना क्षेत्र के खिमलासा रोड पर स्थित तलापार तिराहा के पास से सामने आया है। जहां ट्रेक्टर की टक्कर से बाइक सवार चार लोग घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक बाइक सवार कमलू रैकवार, गोमट आदिवासी, अनिकेत रैकवार और विकास रैकवार सभी निवासी सेमरा गनपत थाना खिमलासा जो एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव से दुगाहा कलां गांव जा रहे थे। तभी तलापार तिराहा के पास अज्ञात ट्रैक्टर ने टक्कर मारकर उन्हें घायल कर दिया। सभी घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राथमिक इलाज के बाद कमलू रैकवार और गोमट आदिवासी को गंभीर हालत में सागर रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है। घायल विकास रैकवार ने बताया की वह लोग गांव से दुगाहा कलां रिश्तेदारी में जा रहे थे। तभी अचानक ट्रेक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह लोग घायल हो गए। इसके बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग निकला।