सागर- लोक सेवा केंद्र का कारनामा, 24 साल के युवक को बना दिया सवा साल का ! | SAGAR TV NEWS |
एक युवक जिसकी उम्र वर्तमान में 24 साल है। लेकिन लोक सेवा केंद्र ने उसे महज सवा साल का बना दिया। अब युवक काफी हैरान और परेशान है। क्योंकि इस वजह से न तो वह नौकरी के लिए आवेदन कर पा रहा है न ही अन्य कोई ज़रूरी काम कर पा रहा है। जी हां हैरान कर देने वाला मामला सागर जिले के खुरई लोक सेवा केंद्र का है। जहां खिमलासा निवासी 24 साल के युवक का जन्म प्रमाण पत्र इस कदर गलत बना दिया गया कि उसकी उम्र मात्र एक साल दो महीने दर्शा दी गई। इस गंभीर लापरवाही और संभावित फर्जीवाड़े ने युवक का भविष्य अधर में डाल दिया है।
जानकारी के मुताबिक युवक ने नौकरी के लिए आवेदन करने के लिए लोक सेवा केंद्र खुरई में जन्म प्रमाण पत्र बनवाने आवेदन किया था। आरोप है कि लोक सेवा केंद्र के संचालक ने फर्जी चालान लगाकर, बिना उचित जांच के जन्म प्रमाण पत्र जारी कर दिया। हैरानी की बात यह है कि यह प्रमाण पत्र नायब तहसीलदार के डिजिटल साइन और सरकारी सील से जारी होना बताया जा रहा है। पीड़ित युवक अंकित साहू निवासी खिमलासा ने बताया कि वह 24 साल का है लेकिन जन्म प्रमाण पत्र में उसे एक साल दो महीने का बच्चा बना दिया। इस गलती की वजह से वह न तो नौकरी के लिए आवेदन कर पा रहा है। और न ही कोई और ज़रूरी काम कर पा रहा है। कई बार अधिकारियों के पास गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही।
दर-दर भटकना पड़ रहा है। ऐसे में होते हैं की क्या लोक सेवा केंद्रों में फर्जीवाड़ा खुलेआम चल रहा है? क्या डिजिटल साइन और सरकारी मुहर सुरक्षित नहीं हैं? और क्या एक आम नागरिक को गलती न होने पर भी न्याय के लिए भटकना पड़ेगा? पीड़ित युवक ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और तत्काल उसके जन्म प्रमाण पत्र में सुधार कराया जाए।