Sagar-जेल में बिखरी होली की खुशियां,गीतों से गूंजी दीवारें, महिला कैदी हुई भावुक | SAGAR TV NEWS |
सागर केंद्रीय जेल में इस बार होली का रंग कुछ अलग ही था। जहां हर दीवार के पीछे कहानियां कैद थीं, वहां होली के रंगों ने दिलों को छू लिया। लीगल राइट काउंसिल इंटरनेशनल की प्रदेश अध्यक्ष *अनुश्री शैलेंद्र जैन* ने जेल के अंदर ऐसा माहौल बनाया, मानो वृंदावन की कुंज गलियों का जादू उतर आया हो।
महिला कैदियों के साथ रंग गुलाल खेलते हुए अनुश्री जी ने न केवल उनके चेहरों पर मुस्कान लाई, बल्कि उनके दिलों में उम्मीद के बीज भी बो दिए। कृष्ण के भजनों और गीतों ने वातावरण को ऐसा भावुक बना दिया कि हर कोई खुद को उस पल में खो बैठा।श्री जी की प्रेरणा से यह होली सिर्फ रंगों की नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने की होली थी। महिला कैदियों ने पहली बार महसूस किया कि बंद दरवाजों के पीछे भी खुशियों की एक किरण आ सकती है।
महिलाओं को संबोधित करते हुए अनुश्री जैन ने कहा कि श्रीजी की प्रेरणा से आज इन बहनों के साथ होली मनाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। एक ओर जहां पूरा समाज होली के रंग में सराबोर है, वहीं समाज का एक वर्ग ऐसा भी है जो अपने परिवार से दूर है और पुनः त्योहार मनाने की प्रतीक्षा कर रहा है। हमारा प्रयास है कि इन बहनों तक भी त्योहार की खुशियां पहुंचें। उन्होंने सभी महिलाओं के उज्ज्वल भविष्य एवं शीघ्र सजा पूर्ण होने की कामना की।
उल्लेखनीय है कि श्रीमती जैन पूर्व में भी केंद्रीय जेल में समय-समय पर धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में सहभागी रही हैं। इनमें अखंड महामृत्युंजय मंत्र जाप, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, सामूहिक राखी उत्सव तथा दीपावली जैसे आयोजन प्रमुख हैं।