सागर- बीना जंक्शन पर बेसुध लेटी हुई थी महिला,साथ में था 5 साल का बच्चा,पार्षद ने निभाई मानवता
सागर जिले के बीना रेलवे जंक्शन पर एक महिला घायल हालत में लेटी हुई थी। उसके साथ में उसका 5 साल का बेटा भी मौजूद था। जब महिला से पूछा गया तो उसने शुरुआत में भोपाल का पता बताया। इसके बाद जब बच्चे से जानकारी ली गयी तो उसने बताया की वह बीना के कटरा मंदिर के पास रहते हैं। जिसके बाद नानक वार्ड पार्षद बीडी रजक ने मानवता का धर्म निभाते हुए उसे सकुशल उसके घर पहुँचाया।
दरअसल महिला घायल हालत में बीना जंक्शन पर लेटी हुई थी। जिसके साथ में कोई भी पुरुष मौजूद नहीं था। इसकी जानकारी लगते ही नानक वार्ड पार्षद बीडी रजक मौके पर पहुंचे और महिला से चर्चा की। जानकारी देते हुए पार्षद ने बताया की महिला घायल हालत में स्टेशन परिसर में पड़ी हुई थी। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। महिला के पैर में फैक्चर था। उसके साथ उसका 5 साल का बच्चा भी बैठा हुआ था। जानकारी जुटाने पर महिला ने बताया कि वह भोपाल की रहने वाली है। इसके बाद महिला को भोपाल भेजने की व्यवस्था के लिए आवाज संस्था से संपर्क किया गया। इसी बीच जब बच्चे से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह बीना के कटरा मंदिर के पास ही रहता है। इसकी सूचना पार्षद ने जीआरपी को दी। जीआरपी से टीम का गठन किया गया। जिसमें सतपाल सिकरवार, यतीश गुर्जर साथ ही आरपीएफ सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार यादव के सहयोग से बच्चे द्वारा बताए गए स्थान पर प्रताप वार्ड में पहुंचे। जहां पहुंचने पर मालूम हुआ की उसका पति विकलांग है। जो भीख मांगकर अपना गुजारा करता है। उसके साथ उसकी पत्नी भी भीख मांगती थी। लेकिन पिछले दिनों जब कटरा मंदिर में पेड़ की डाल काटी जा रही थी। तभी उसकी चपेट में आने से महिला घायल हो गई थी। जिस वजह से उसका एक पैर फैक्चर हो गया था। जिससे पैर में प्लास्टर बंधा हुआ था। उसे सकुशल एम्बुलेंस से उसके घर पर पहुंचाया गया।-