जेसीबी चालक की हत्या और फिर शव पर चढ़ाई मशीन, हादसा दिखाने की साजिश पर भड़का आदिवासी समाज
मध्य प्रदेश के रीवा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवा जेसीबी चालक की हत्या के बाद आरोपियों ने अपराध छिपाने के लिए शव पर जेसीबी चढ़ाकर उसे हादसा दिखाने की कोशिश की। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया और आदिवासी समाज के लोगों ने थाने पहुंचकर जमकर प्रदर्शन किया। मामला अतरैला थाना क्षेत्र की पटेहरा चौकी के अंतर्गत आने वाले गांव पटेहरा का है। मृतक की पहचान दुर्गेश कोल (18 वर्ष) पिता पप्पू कोल के रूप में हुई है, जो पेशे से जेसीबी चालक था। बताया जा रहा है कि घटना तलरी पोखरी के पास शाम करीब 5 बजे हुई।
सूत्रों के मुताबिक दुर्गेश का कुछ लोगों से शराब के नशे में विवाद हो गया था। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई और आरोपियों ने दुर्गेश की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने पूरे मामले को दुर्घटना का रूप देने की साजिश रची। बताया जा रहा है कि दुर्गेश के शव को करीब एक किलोमीटर दूर ले जाकर उसके ऊपर जेसीबी मशीन चढ़ा दी, ताकि यह मामला सड़क हादसा लगे। इतना ही नहीं, आरोपियों ने खुद पुलिस को फोन कर दुर्घटना की सूचना भी दे दी।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीओपी डभौरा नारायण कुम्हारे और अतरैला थाना प्रभारी विजय सिंह परिहार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जवा भेज दिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की खबर फैलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग मृतक के परिजनों के साथ थाने पहुंच गए और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का कहना है कि यह साफ तौर पर हत्या का मामला है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल पुलिस इस सनसनीखेज मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। वहीं, दुर्गेश कोल की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश और शोक का माहौल बना हुआ है।