Sagar- प्रेमिका ने मिलने बुलाया, रास्ते में पहले से खड़ा था नया प्रेमी, फिर वो हुआ जो सोच नहीं सकते
सागर के रहली थाना क्षेत्र में नौरादेही के जंगल में युवक मर्डर के मामले में पुलिस ने युवती समेत तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।शुरुवाती पूछताछ में घटना का कारण प्रेम प्रसंग सामने आया है। वारदात के समय मृतक बाइक से दमोह अपनी प्रेमिका से मिलने जा रहा था। पुलिस आरोपियों से वारदात में उपयोग किए गए धारदार हथियारों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार,सागर के बाईसा मोहल्ला निवासी 30 वर्षीय विकास पिता मनोहर सिंह राजपूत की टाइगर रिजर्व के मुहली गांव के पास जंगल में डेड बॉडी मिली थी, पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद मामला दर्ज कर जांच में लिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक युवती का नाम सामने आया, जिससे मृतक की बात होती थी। इसी आधार पर पुलिस टीम ने युवती को हिरासत में लिया। थाने लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि मृतक और उक्त युवती के बीच करीब 4 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों अगरबत्ती बनाते थे। लेकिन कुछ समय पहले युवती की नौकरी पोस्ट ऑफिस में लग गई। नौकरी के बाद युवती दमोह में पदस्थ हुई और वहीं रहने लगी। इसी बीच युवती का अफेयर दूसरे युवक से शुरू हो गया। वह मृतक विकास से पीछा छुड़ाना चाहती थी, लेकिन विकास उससे शादी करना चाहता था। परेशान होकर युवती ने अपने नए प्रेमी के साथ मिलकर विकास को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी।
एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा ने बताया कि हत्या के मामले में महिला समेत तीन आरोपियों को अभिरक्षा में लिया गया है। महिला ने अपने वर्तमान प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। मामले में अजय यादव, उम्र 28 साल और लल्लू धानक, उम्र 42 साल, दोनों निवासी जैसीनगर, समेत युवती को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है।