MP में किसानों को खुशखबरी गेहूं की एमएसपी पर 40 रुपए बोनस देगी सरकार, पंजीयन की तारीख बढ़ाई
मध्य प्रदेश में इस बार किसानों को गेहूं का 2625 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से भाव मिलेगा जो पिछले साल की तुलना में 25 रुपया अधिक होगा दरअसल राज्य सरकार इस साल गेहूं खरीदी पर किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के ऊपर 40 रुपए प्रति क्विंटल बोनस देगी। केंद्र ने 2026-27 विपणन वर्ष के लिए गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रु./क्विंटल तय किया है।
राज्य सरकार के बोनस के बाद प्रदेश में किसानों को 2625 रु./क्विंटल का भाव मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के बाद बोनस की घोषणा की। वहीं पंजीयन की अंतिम तारीख 7 से बढ़ाकर 10 मार्च कर दी गई है।
पिछले साल गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2425 रुपए था, जिस पर राज्य सरकार ने 175 रुपए बोनस दिया था और किसानों को 2600 रुपए प्रति क्विंटल मिले। इस बार केंद्र ने समर्थन मूल्य 160 रुपए बढ़ाया, लेकिन राज्य ने बोनस 135 रुपए घटा दिया, जिससे किसानों को सिर्फ 25 रुपए अतिरिक्त मिलेंगे।
मप्र सरकार 2007-08 से गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बोनस दे रही है। इन 20 वर्षों में किसानों को 50 से 265 रुपए तक बोनस मिला। 2015-16, 2016-17, 2020-21, 2021-22 और 2022-23 में बोनस नहीं दिया गया। 2026 का 40 रुपए बोनस अब तक का सबसे कम है।