ससुराल से लौट रहे दो युवकों की मौत, तेज रफ्तार वाहन ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं।
मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जबकि इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के मुताबिक यह हादसा उस समय हुआ जब दोनों युवक अपनी ससुराल से लौटकर अपने गांव नेपरी जा रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों युवक सबलगढ़ के बेनीपुरा गांव स्थित अपनी ससुराल से मोटरसाइकिल से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर ही गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने जब तक उन्हें संभालने की कोशिश की, तब तक दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया और मृतकों के परिजनों को सूचना दी। जब यह खबर गांव पहुंची तो पूरे इलाके में मातम पसर गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन और गांव के लोग बड़ी संख्या में पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शव लेकर अपने गांव के लिए रवाना हुए।
परिजनों के मुताबिक हादसे में जान गंवाने वाले युवकों में एक का नाम संजय कुशवाहा और दूसरे का नाम दीपक जाटव है। दोनों साथ में सबलगढ़ के बेनीपुरा से अपने गांव नेपरी लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के बाद पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं इस हादसे के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई है और दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।