बेटे की साइकिल बनी मां की मौत की वजह, पति ने ली पत्नी की जान और फ़िर...
मध्यप्रदेश के बैतूल जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां बेटे के लिए साइकिल खरीदने को लेकर शुरू हुआ पति-पत्नी का विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने गुस्से में अपनी ही पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पूरी घटना बैतूल जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ढप्पा के खेड़ाढाना की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार 4 मार्च की रात करीब 11 बजे आरोपी पति सुधाकर दरशिमा ने अपने बेटे कुनाल के लिए साइकिल खरीदने के लिए पत्नी कविता से पैसों की मांग की। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी सुधाकर दरशिमा ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी कविता के साथ हाथ-मुक्कों और बेल्ट से बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान महिला के सिर के पीछे, चेहरे, पीठ और पैरों पर गंभीर चोटें आईं। चोटें इतनी गंभीर थीं कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने 6 मार्च को शाहपुर थाने में केस दर्ज किया और मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपी पति सुधाकर दरशिमा को गिरफ्तार कर लिया है। मृतिका के शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया गया है, ताकि मौत के सही कारणों की पुष्टि की जा सके। आरोपी को 7 मार्च को बैतूल न्यायालय में पेश किया जाएगा। बताया जा रहा है कि बैतूल जिले में हाल के दिनों में घरेलू विवादों से जुड़े मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। पुलिस के अनुसार पिछले कुछ दिनों में जिले के अलग-अलग थानों में घरेलू हिंसा के करीब 45 मामले दर्ज किए गए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।