परीक्षा खत्म होने के बाद स्कूल के बाहर छात्रों के कहासुनी और फिर | SAGAR TV NEWS |
मध्यप्रदेश के दमोह जिले के पथरिया में परीक्षा खत्म होने के बाद स्कूल के बाहर छात्रों के बीच जमकर बवाल हो गया। यहां स्कूली बच्चों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे चलने लगे और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि यह घटना पथरिया स्थित शासकीय संदीपनी माध्यमिक विद्यालय, जिसे सीएम राइज स्कूल के नाम से भी जाना जाता है, उसके बाहर की है। शनिवार को कक्षा 10वीं का अंतिम पेपर था और इसी स्कूल को कई अन्य स्कूलों के छात्रों का परीक्षा केंद्र बनाया गया था।
जानकारी के मुताबिक परीक्षा खत्म होने के बाद अलग-अलग स्कूलों के छात्रों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और छात्रों के बीच हाथापाई होने लगी। बताया जा रहा है कि झगड़े में शामिल छात्र सरस्वती शिशु मंदिर और उत्कृष्ट विद्यालय पथरिया के थे।
विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर मौजूद कुछ बाहरी युवक भी झगड़े में शामिल हो गए। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि लाल टी-शर्ट पहने एक युवक हाथ में डंडा लेकर स्कूली बच्चों की ओर दौड़ता नजर आ रहा है। वहीं कई बच्चे डर के कारण इधर-उधर भागते दिखाई दे रहे हैं।
घटना के दौरान कुछ देर के लिए स्कूल के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह छात्रों को अलग करने की कोशिश की। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पथरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है और मारपीट में शामिल युवकों की पहचान की जा रही है।
थाना प्रभारी अमित मिश्रा के मुताबिक घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और सवाल उठ रहे हैं कि आखिर परीक्षा केंद्र के बाहर इस तरह की स्थिति कैसे बन गई।