सागर-मड़खेड़ा धाम में रंगपंचमी की धूम, भजनों की गूंज में रंग-गुलाल से सराबोर हुए भक्त
सागर जिले के खुरई क्षेत्र में रंगपंचमी का त्योहार इस बार भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। होली के पांच दिन बाद कृष्ण पक्ष की पंचमी तिथि पर राहतगढ़ ब्लॉक के प्रसिद्ध मीरखेड़ी गांव स्थित मड़खेड़ा धाम में रंगपंचमी का भव्य आयोजन हुआ, जहां दूर-दराज से आए भक्तों ने रंग, गुलाल और भक्ति के रंग में डूबकर उत्सव मनाया।
दरअसल मड़खेड़ा धाम में हर साल रंगपंचमी का पर्व खास तरीके से मनाया जाता है। इस बार भी दिव्य चमत्कारी दरबार में गुरुजी पवन पाराशर के सानिध्य में भव्य भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। जैसे ही भजनों की मधुर धुन शुरू हुई, पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूब गया। श्रद्धालु भगवान के भजनों पर झूमते और तालियां बजाते नजर आए।
भक्ति और उत्साह के इस संगम में भक्तों ने एक-दूसरे पर रंग और गुलाल उड़ाकर रंगपंचमी की खुशियां साझा कीं। ढोलक और मंजीरे की धुन पर गूंजते भजनों ने माहौल को और भी आनंदमय बना दिया। हर ओर “रंगपंचमी की जय” और भक्ति गीतों की गूंज सुनाई दे रही थी।
इस दौरान गुरुजी पवन पाराशर भी भक्तों के उत्साह को देखकर खुद को रोक नहीं सके। वे भी मंच से नीचे उतरकर भक्तों के बीच पहुंचे और भजनों की धुन पर थिरकते नजर आए। गुरुजी के साथ भक्तों का उत्साह और भी बढ़ गया और पूरा धाम रंग-गुलाल से सराबोर हो गया।
रंगपंचमी के इस आयोजन में आसपास के गांवों सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने मड़खेड़ा धाम में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
भक्ति, रंग और उल्लास से भरा यह आयोजन देर तक चलता रहा। मड़खेड़ा धाम में मनाई गई रंगपंचमी ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि यहां केवल रंगों का उत्सव ही नहीं, बल्कि श्रद्धा और भक्ति का भी अद्भुत संगम देखने को मिलता है।