सरकारी दफ्तर में शराब पार्टी! वेयरहाउसिंग कार्यालय का वीडियो आया सामने, जिम्मेदारों पर उठे सवाल
धार्मिक नगरी एमपी के उज्जैन से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सरकारी कार्यालय परिसर में शराबखोरी का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। मामला मध्य प्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉरपोरेशन के क्षेत्रीय कार्यालय उज्जैन का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक 8 मार्च को रंगपंचमी के दिन कुछ लोग कार्यालय परिसर में खड़ी कारों में बैठकर शराब पीते हुए दिखाई दिए। वायरल हो रहे वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि लोग गाड़ियों में बैठकर शराब की महफिल सजाए हुए हैं। इस घटना के सामने आने के बाद यह सवाल उठने लगे हैं कि आखिर सरकारी कार्यालय परिसर में इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियां कैसे हो रही हैं।
गौरतलब है कि उज्जैन धार्मिक नगरी होने के कारण यहां शराब को लेकर सख्त नियम लागू किए गए हैं। ऐसे में सरकारी कार्यालय परिसर में ही शराब पीने का मामला सामने आना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। मामले को लेकर जब क्षेत्रीय प्रबंधक उदय सिंह मौर्य से सवाल किया गया तो उन्होंने एक चौंकाने वाला बयान दिया। उन्होंने कहा कि यहां कोई स्थायी कर्मचारी नहीं रहता क्योंकि उन्हें सरकारी क्वार्टर में रहने की आदत नहीं है। उनका कहना था कि कर्मचारियों को बड़े-बड़े घरों में रहने की आदत है, इसलिए वे सरकारी क्वार्टर में नहीं रह पाते।
क्षेत्रीय प्रबंधक का यह बयान अब चर्चा का विषय बन गया है और लोगों के बीच सवाल उठ रहे हैं कि यदि कार्यालय परिसर में कर्मचारी मौजूद नहीं रहते तो वहां सुरक्षा व्यवस्था कैसे संचालित हो रही है। साथ ही यह भी सवाल उठ रहा है कि अगर सरकारी परिसर में इस तरह की गतिविधियां हो रही हैं तो उसकी जिम्मेदारी किसकी है। वीडियो वायरल होने के बाद अब लोगों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में सरकारी परिसरों में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।