लापता किशोर का शव मिलने के बाद सड़क पर शव रखकर चक्काजाम, हत्या के आरोप पर प्रदर्शन SAGAR TV NEWS
मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले में उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब करीब दो सप्ताह से लापता एक किशोर का शव देवलहा जलप्रपात की गहरी खाई में मिलने की खबर सामने आई। शव की पहचान 16 वर्षीय विवेक विश्वकर्मा के रूप में होने के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। दरअसल नईगढ़ी थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव का रहने वाला विवेक करीब दो हफ्ते पहले अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई थी, लेकिन उनका आरोप है कि पुलिस ने मामले में गंभीरता नहीं दिखाई।
सोमवार को देवलहा जलप्रपात की गहरी खाई में एक शव दिखाई देने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला गया। बाद में परिजनों ने शव की पहचान लापता किशोर विवेक के रूप में की। जैसे ही यह खबर फैली, इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान होते ही परिजन और ग्रामीण भड़क उठे। उन्होंने विवेक की हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस और प्रशासन के खिलाफ जमकर हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने किशोर के शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हो गए और कई घंटों तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही। हालात बिगड़ते देख मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। परिजनों ने आरोप लगाया कि अगर पुलिस समय रहते मामले में गंभीरता दिखाती तो शायद विवेक की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने थाना प्रभारी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच एसडीओपी को सौंप दी है और एक एसआईटी टीम का गठन भी किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कई घंटों की समझाइश और कार्रवाई के आश्वासन के बाद आखिरकार परिजन और ग्रामीण माने और सड़क से चक्काजाम समाप्त किया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुट गई है।