बेकाबू कार गुमटी में घुसी, दुकान के पास सो रहा दुकानदार बाल-बाल बचा, बड़ा हादसा टला |SAGAR TV NEWS
एमपी के मुरैना जिले के माता बसैया थाना क्षेत्र में देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जिगनी गांव के जिगनी मोड़ पर तेज रफ्तार से आ रही एक कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बनी परचून की गुमटी में जा घुसी। हादसे के वक्त गुमटी के पास सो रहा दुकानदार बाल-बाल बच गया, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। जानकारी के मुताबिक यह घटना देर रात उस समय हुई जब मुरैना से अंबाह की ओर जा रही एक कार जिगनी मोड़ पर पहुंची। बताया जा रहा है कि मोड़ पर पहुंचते ही चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे सड़क किनारे बनी लोहे की गुमटी में जा टकराया।
टक्कर इतनी तेज थी कि लोहे की गुमटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं दुकान के पास रखा तख्त भी टूट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के वक्त दुकानदार अतुल यादव अपनी दुकान के पास ही तख्त पर सो रहा था। कार की तेज टक्कर के बावजूद वह किसी तरह सुरक्षित बच गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना में कार चालक को मामूली चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल मुरैना में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
दुकानदार अतुल यादव के मुताबिक इस दुर्घटना में उसकी दुकान को करीब 25 से 30 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। गुमटी के साथ-साथ दुकान में रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही माता बसैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। वहीं हादसे के बाद ग्रामीणों ने मौके के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिए हैं, जो अब तेजी से वायरल हो रहे हैं। वीडियो में दुर्घटनाग्रस्त कार और क्षतिग्रस्त गुमटी साफ दिखाई दे रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।