फिल्मी स्टाइल कि ड नै पिं ग और लूट, ऑटो में उठाकर ले गए युवक को, 4 आरोपी गिरफ्तार
एमपी के के बालाघाट में फिल्मी अंदाज में हुए अपहरण और लूट के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया ऑटो, चाकू, लूटा गया मोबाइल फोन और पर्स भी बरामद कर लिया है। जानकारी के मुताबिक यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। फरियादी आयुष बैस ने 7 मार्च को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4 मार्च की दोपहर करीब 1:30 बजे वह बस स्टैंड के पास पेट्रोल पंप के सामने खड़ा था। इसी दौरान एक ऑटो में सवार चार युवक उसके पास पहुंचे।
आरोपियों ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। जब आयुष बैस ने पैसे देने से मना किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद बदमाशों ने जबरन उसे ऑटो में बैठाया और शहर के डेंजर रोड स्थित एक सुनसान जगह पर ले गए। वहां पहुंचकर एक आरोपी ने चाकू दिखाकर उसे डराया और उसके पास मौजूद मोबाइल फोन और रुपयों से भरा पर्स लूट लिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना प्रभारी कामेश कुमार धूमकेती के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने दबिश देकर चारों आरोपियों कलीम, कादिर, जोहेब शेख और करम उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार सभी आरोपी आदतन अपराधी हैं और इनके खिलाफ पहले से कई गंभीर मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से अन्य अपराधों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। कोतवाली थाना प्रभारी कामेश कुमार धूमकेती का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।