17 साल पुराने टोल ठेका घोटाले में बड़ा खुलासा, बाहुबली अमित खम्परिया पर धोखाधड़ी का केस दर्ज
मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में करीब 17 साल पुराने टोल ठेका मामले में बड़ा खुलासा सामने आया है। मानपुर क्षेत्र के सोननदी स्थित मसीरा घाट टोल नाका ठेका प्रकरण में कोतवाली पुलिस ने बाहुबली आरोपी अमित खम्परिया के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर आरोप है कि उसने टोल नाका का ठेका हासिल करने के लिए फर्जी एफडीआर यानी फिक्स्ड डिपॉजिट रसीद तैयार कर दस्तावेजों में हेरफेर किया और उसी के आधार पर ठेका हासिल कर लिया। इस मामले की शिकायत और प्रारंभिक जांच में दस्तावेजों में गड़बड़ी सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू की।
जानकारी के मुताबिक मानपुर क्षेत्र में सोननदी के मसीरा घाट टोल नाका का ठेका लेने के लिए नियमों के तहत वित्तीय दस्तावेज जमा करना जरूरी था। आरोप है कि इसी प्रक्रिया में आरोपी अमित खम्परिया ने बैंक से संबंधित दस्तावेजों में हेरफेर करते हुए फर्जी एफडीआर तैयार कर जमा कर दी, जिसके आधार पर ठेका हासिल किया गया। मामले की जांच के दौरान जब दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की गई तो इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। इसके बाद उमरिया कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी अमित खम्परिया पहले से ही आपराधिक गतिविधियों को लेकर चर्चाओं में रहा है। उसके खिलाफ मध्यप्रदेश के कई जिलों में पहले से गंभीर आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और संबंधित दस्तावेजों की भी बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान यदि और तथ्य सामने आते हैं तो मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। मानपुर एसडीओपी पुन्नू सिंह परस्ते के मुताबिक आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।