निर्माणाधीन शॉपिंग कॉम्प्लेक्स पर सवाल, बिना अनुमति निर्माण की शिकायत, प्रशासन ने जारी किया नोटिस
एमपी के बुरहानपुर के प्राइम लोकेशन सिंधी बस्ती बायपास मार्ग पर बन रहे एक निर्माणाधीन शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस कॉम्प्लेक्स के निर्माण की वैधानिकता पर सवाल उठाते हुए जिला प्रशासन को शिकायत की गई है, जिसके बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नोटिस जारी कर दिया है। जानकारी के मुताबिक पांडारोड नाले के पास बन रहे इस शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को लेकर समाजसेवी दुर्गेश शर्मा ने जिला कलेक्टर को लिखित शिकायत दी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कॉम्प्लेक्स का निर्माण नियमों को दरकिनार कर किया जा रहा है और इसके लिए आवश्यक वैधानिक अनुमति भी नहीं ली गई है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि इस निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स का नक्शा टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग से पास नहीं कराया गया है। साथ ही पांडारोड नाले से सटी जमीन पर बेसमेंट का निर्माण किया जा रहा है, जो नियमों के खिलाफ बताया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि बिना उचित अनुमति के इस तरह का बड़ा निर्माण कार्य कैसे किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि कॉम्प्लेक्स का निर्माण अभी पूरी तरह पूरा भी नहीं हुआ है, लेकिन आनन-फानन में इसमें दुकानों की खरीद-फरोख्त और किराए पर देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इससे पूरे मामले को लेकर और अधिक सवाल खड़े हो रहे हैं।
मामले की शिकायत सामने आने के बाद बुरहानपुर एसडीएम अजमेर सिंह गौड़ ने कॉम्प्लेक्स मालिक को नोटिस जारी कर सभी जरूरी अनुमतियों और दस्तावेजों को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम के अनुसार कॉम्प्लेक्स मालिक के वकील की ओर से कुछ दस्तावेज प्रस्तुत किए गए हैं और फिलहाल मामला सुनवाई की प्रक्रिया में है। प्रशासन द्वारा सभी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि यदि जांच में शिकायत सही पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अब देखने वाली बात होगी कि जांच के बाद इस निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स को लेकर प्रशासन क्या फैसला लेता है और नियमों के उल्लंघन पर क्या कदम उठाए जाते हैं।