एक ही परिवार के 4 लोगों पहुंच गए अस्पताल और फिर इलाज के दौरान बड़े बेटे की मौत
मध्यप्रदेश के सतना जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक ही परिवार के चार लोगों ने जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में सभी को इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान बड़े बेटे की मौत हो गई। वहीं परिवार के अन्य तीन सदस्य अभी भी आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र के बांधा गांव का है। बताया जा रहा है कि सोमवार को पति-पत्नी और उनके दो बेटों ने भोजन में जहरीला पदार्थ मिलाकर खा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया।
परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तुरंत रामपुर बघेलान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। लेकिन हालत गंभीर होने के कारण चारों को बेहतर इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया। रीवा के संजय गांधी अस्पताल में इलाज के दौरान बड़े बेटे आकाश शर्मा की मौत हो गई, जिससे परिवार में मातम का माहौल है। वहीं पिता कुंदन शर्मा, मां ज्योति शर्मा और छोटे बेटे अभिषेक शर्मा का अस्पताल के आईसीयू में इलाज जारी है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी हालत पर नजर बनाए हुए है।
फिलहाल इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है कि परिवार ने ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया। परिजनों के अनुसार अभी तक जहर खाने की वजह साफ नहीं हो पाई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी सक्रिय हो गई है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जैसे ही घायलों की हालत में सुधार होगा, उनसे पूछताछ कर घटना के पीछे की असली वजह का पता लगाया जाएगा। फिलहाल पूरे गांव में इस घटना को लेकर शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मामले पर नजर बनाए हुए है।