होली की रात खून-खराबा, जमीन कहासुनी में चाचा ने भतीजे को उतारा मौत के घाट
मध्यप्रदेश के सतना जिले में होली की रात एक पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद में चाचा ने अपने ही भतीजे की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। घटना सतना जिले के रैगांव थाना क्षेत्र के भटिगवां गांव की है। जानकारी के अनुसार गांव के निवासी प्रदीप सिंह का अपने चाचा और चचेरे भाई के साथ जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। 4 मार्च की रात होली के मौके पर गांव में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
बताया जा रहा है कि उस दौरान कई लोग नशे की हालत में भी थे। इसी बीच पुराने जमीन विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक झगड़े में बदल गया। आरोप है कि चाचा सुखेन्द्र सिंह उर्फ गुड्डू और चचेरे भाई शिवांश सिंह ने मिलकर प्रदीप सिंह पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले के दौरान उसकी पीठ और छाती पर कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मारपीट के बाद घायल प्रदीप किसी तरह अपने घर पहुंचा, लेकिन देर रात उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल सतना लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मामले की सूचना मिलते ही रैगांव थाना पुलिस ने फरियादी अतुल सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही एक आरोपी शिनाज सिंह बघेल को 5 मार्च को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं इस मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी सुखेन्द्र सिंह उर्फ गुड्डू को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे उप जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है।