ELLEGAL गैंग का भंडाफोड़ ! महिला FIR का डर दिखाकर करते थे ब्लैकमेल, 6 आरोपी गिरफ्तार
मध्यप्रदेश राजधानी भोपाल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने “ELLEGAL” नाम से चल रहे एक शातिर गैंग का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह लोगों को महिला संबंधी एफआईआर में फंसाने का डर दिखाकर ब्लैकमेल करता था और मोटी रकम वसूलता था। पुलिस ने इस मामले में गैंग के सरगना समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। भोपाल के कोहेफिजा थाना पुलिस ने एक संगठित आपराधिक गिरोह का खुलासा करते हुए “ELLEGAL” गैंग के 6 सदस्यों को दबोच लिया है। पुलिस के मुताबिक इस गैंग का सरगना आकाश नीलकंठ उर्फ भूरा हड्डी है, जो पहले से हत्या के मामले में आरोपी रह चुका है।
बताया जा रहा है कि जमानत पर बाहर आने के बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर यह गैंग बना लिया और लोगों को ब्लैकमेल कर अवैध वसूली शुरू कर दी। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य युवकों को जाल में फंसाते थे। पहले उनसे दोस्ती या संपर्क बनाते, फिर महिला से जुड़ा मामला बनाकर उनका वीडियो रिकॉर्ड कर लेते थे। इसके बाद उन्हें महिला संबंधी एफआईआर दर्ज कराने का डर दिखाकर मोटी रकम की मांग की जाती थी। ऐसा ही एक मामला सामने आया, जिसमें गैंग ने एक युवक को धमकाकर 50 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया।
पुलिस ने इस मामले में रामजी ठाकुर, अभिषेक उपाध्याय, अभिषेक मीणा, नीरज खान और अमित ओसवाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार इन आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गैंग के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और किन-किन लोगों को इस तरह से ब्लैकमेल किया गया है। इस पूरे मामले में मयूर खंडेलवाल ने बताया कि गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पुलिस की इस कार्रवाई से भोपाल में सक्रिय एक बड़े ब्लैकमेलिंग रैकेट का खुलासा हुआ है। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि ऐसे मामलों में डरने की बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें।