तेज रफ्तार कार नाले में गिरी, एक की मौत…5 लोग पहुंचे अस्पताल और फिर | SAGAR TV NEWS |
एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। सिरोंज-बीना हाईवे पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं कार में सवार एक सात साल का बच्चा चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गया। यह हादसा मध्यप्रदेश के विदिशा जिले के सिरोंज-बीना हाईवे पर रसल्ली डामा की पुलिया के पास हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और करीब 15 फीट नीचे नाले में जा गिरी। कार में कुल 7 लोग सवार थे। सभी लोग उज्जैन से शादी समारोह में शामिल होने चंदेरी जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कार नाले में गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना देर किए राहत कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने पत्थरों से कार के शीशे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि कुछ लोग कार के अंदर बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब 20 मिनट तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी घायलों को बाहर निकाला गया।
घायलों को तुरंत सिरोंज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं पांच लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए विदिशा जिला अस्पताल रेफर किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाले में गिरने के कारण कई घायलों के पेट में पानी भर गया था, जिसे निकालने के बाद उन्हें अस्पताल भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है, लेकिन तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है।