मकान-दुकान और गोदाम जलकर खाक, साड़ी बांधकर परिवार ने बचाई जा न, 2.5 करोड़ का नुकसान!
भीषण आगजनी की खबर सामने आई है। यहां कपड़ा व्यापारी के मकान, दुकान और गोदाम में देर रात भयानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार को अपनी जान बचाने के लिए छज्जे से साड़ी बांधकर नीचे उतरना पड़ा। इस हादसे में करीब ढाई करोड़ रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। यह घटना मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा नगर के नया बस स्टैंड इलाके की है। जानकारी के मुताबिक कपड़ा व्यापारी जगदीश कनकने के मकान, दुकान और गोदाम में शुक्रवार देर रात करीब 3 बजे अचानक आग लग गई।
बताया जा रहा है कि आग की शुरुआत मकान से लगे साड़ियों और कपड़ों के गोदाम से हुई। गोदाम में बड़ी मात्रा में साड़ियां और कपड़े रखे हुए थे, जिसके कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और पूरा मकान व गोदाम इसकी चपेट में आ गया। आग लगने के समय व्यापारी का परिवार मकान की ऊपरी मंजिल पर सो रहा था। अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं, जिससे घर में अफरा-तफरी मच गई। हालात इतने खराब हो गए कि परिवार के लोगों को जान बचाने के लिए छज्जे से साड़ी बांधकर नीचे उतरना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। इस पर विनोद सिंह छावई अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। करैरा नगर परिषद के साथ-साथ शिवपुरी, नरवर और मगरौनी से भी दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह लगभग 6 बजे आग पर काबू पाया जा सका। मकान मालिक के अनुसार इस आगजनी में साड़ियों और कपड़ों का भारी स्टॉक जल गया है और करीब ढाई करोड़ रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन इस भीषण आग ने व्यापारी के पूरे कारोबार को भारी नुकसान पहुंचाया है।