मजदूर की मौत से भड़का गुस्सा! सिंगरौली पावर प्लांट में तोड़फोड़ और आगजनी, भारी पुलिस बल तैनात
बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक मजदूर की मौत के बाद पावर प्लांट में जमकर हंगामा हो गया। गुस्साए मजदूरों ने प्लांट परिसर में तोड़फोड़ कर दी और आगजनी की भी खबरें सामने आई हैं। हालात को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मामला मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के बधौरा इलाके में स्थित एक निजी पावर प्लांट का है। जानकारी के मुताबिक प्लांट में काम करने वाले मजदूर लल्लन सिंह की शुक्रवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। बताया जा रहा है कि लल्लन सिंह मूल रूप से गढ़वा जिला के रहने वाले थे और लंबे समय से इस पावर प्लांट में काम कर रहे थे। मजदूर की अचानक मौत की खबर मिलते ही साथी मजदूरों में आक्रोश फैल गया।
शनिवार सुबह बड़ी संख्या में मजदूर प्लांट परिसर में इकट्ठा हो गए और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और गुस्साए मजदूरों ने प्लांट के अंदर तोड़फोड़ शुरू कर दी। कुछ जगहों पर आगजनी की खबरें भी सामने आई हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। इस पूरे घटनाक्रम पर गौरव बैनल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मजदूर की मौत हार्ट अटैक से होने की बात सामने आई है।
प्रशासन ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए बैढ़न ट्रामा सेंटर भेज दिया है। वहीं हालात को काबू में रखने के लिए प्लांट परिसर में भारी पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मजदूरों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने की कोशिश की जा रही है और पूरे मामले की जांच की जाएगी। फिलहाल पावर प्लांट के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। मजदूर की मौत के बाद पैदा हुआ यह विवाद पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।