रफ्तार का कहर! बेकाबू कार ने 5 राहगीरों को कुचला, लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा | SAGAR TV NEWS |
रफ्तार का खौफनाक चेहरा सामने आया है। यहां तेज रफ्तार कार ने सड़क पर चल रहे लोगों को रौंद दिया, जिससे पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने आरोपी चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। यह पूरा मामला मध्यप्रदेश के जबलपुर के अधारताल थाना क्षेत्र स्थित खजरी खिरिया मार्ग का है। बताया जा रहा है कि रविवार देर रात एक तेज रफ्तार कार सड़क पर बेकाबू हो गई और सड़क किनारे चल रहे राहगीरों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में रोहित, शकील समेत कुल पांच लोग घायल हो गए।
हादसा इतना अचानक हुआ कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए। टक्कर लगते ही सड़क पर चीख-पुकार मच गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद आरोपी चालक कार लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को हिरासत में लेकर कार जब्त कर ली। पुलिस ने बताया कि कार का नंबर MP 20 XB 7706 है, जिसे तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाया जा रहा था।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार चालक नशे की हालत में था और इसी वजह से वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। हालांकि पुलिस का कहना है कि चालक के नशे में होने की जांच की जा रही है। हादसे में घायल सभी लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।