किरायेदारों की दबंगई: दुकानों की रजिस्ट्री के लिए बनाया दबाव, 50 लाख मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार
मध्यप्रदेश के बालाघाट से दबंगई और रंगदारी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां किरायेदारों ने दुकान मालिक पर दुकानों की रजिस्ट्री अपने नाम कराने का दबाव बनाया। जब मालिक ने इनकार किया तो उससे 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगी और जान से मारने की धमकी दी। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला बालाघाट के कोतवाली थाना बालाघाट क्षेत्र का है। वार्ड नंबर 21 गोंदिया रोड निवासी रमन गौतम ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उनके गौतम कॉम्प्लेक्स में संचालित दो दुकानों के किरायेदार जबरन रजिस्ट्री अपने नाम कराने का दबाव बना रहे थे।
शिकायत के अनुसार आरोपी राजकुमार उर्फ राजा कुकरेजा, जो अंजली ट्रैवल्स का संचालन करता है, और उसका साथी धीरज जोतवानी लगातार दुकानों पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। जब दुकान मालिक ने रजिस्ट्री करने से मना किया तो आरोपियों ने 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगी और परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी। इस मामले के सामने आने के बाद एक और पीड़ित स्वाति गौतम भी सामने आई हैं। उनका आरोप है कि उन्होंने वर्ष 2021 में आरोपी से 5 प्रतिशत ब्याज पर पैसे लिए थे और बाद में पूरी रकम ब्याज सहित लौटा दी। इसके बावजूद आरोपी ने उनका एग्रीमेंट और चेक वापस नहीं किया और बाद में कोर्ट से ढाई लाख रुपए का नोटिस भेज दिया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मुख्य आरोपी राजा कुकरेजा को गिरफ्तार कर मौके पर ले जाकर सीन रिक्रिएशन भी कराया। पुलिस के अनुसार आरोपी राजा कुकरेजा पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और अन्य शिकायतों की भी जांच कर रही है।