छात्रावास में बड़ा विवाद और फिर...रसोइया के अधीक्षिका पर आरोप
मध्यप्रदेश के अनूपपुर में दिव्यांग छात्रावास से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक विवाद के बाद छात्रावास की रसोइया ने कीटनाशक ले लिया। घटना के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है और कलेक्टर ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। यह घटना अनूपपुर जिला मुख्यालय स्थित दिव्यांग छात्रावास अनूपपुर की है। यहां कार्यरत रसोइया कलावती राठौर ने रविवार को कीटनाशक ले लिया। घटना के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब पार्वती वाल्मिक राठौर ने अपने बच्चे के जन्मदिन के अवसर पर छात्रावास के बच्चों को भोजन कराने की इच्छा जताई। इसके लिए वे भोजन सामग्री लेकर छात्रावास पहुंचने वाली थीं। इसी दौरान रसोइया कलावती ने बताया कि छात्रावास में गैस सिलेंडर कम है और खाना बनाने में परेशानी हो सकती है। इस बात की जानकारी अधिकारियों तक पहुंची तो छात्रावास की अधीक्षिका नंदनी पटेल नाराज हो गईं।
आरोप है कि अधीक्षिका ने रसोइया से गाली-गलौज की और बिना अनुमति कार्यक्रम की जानकारी देने पर नाराजगी जताई। रसोइया कलावती का आरोप है कि अधीक्षिका पिछले तीन वर्षों से छोटी-छोटी बातों पर उन्हें प्रताड़ित करती रही हैं। इसी विवाद से आहत होकर उन्होंने कीटनाशक ले लिया। हालांकि अधीक्षिका नंदनी पटेल ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि रसोइया ने आयोजन की जानकारी नहीं दी और गैस उपलब्ध होने के बावजूद गलत जानकारी दी। उन्होंने रसोइया पर राशन चोरी के भी आरोप लगाए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही हर्षल पंचोली ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और अस्पताल प्रशासन को महिला के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। फिलहाल महिला रसोइया का इलाज जिला अस्पताल में जारी है, जबकि प्रशासन पूरे मामले की जांच कर सच्चाई सामने लाने की बात कह रहा है।