वीआईपी इलाके में दिनदहाड़े लूट, महिला से चाकू की नोंक पर चैन स्नैचिंग, सुरक्षा पर बड़े सवाल
मध्यप्रदेश के गुना से चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले वीआईपी इलाके में दिनदहाड़े लूट की वारदात हो गई। सुबह टहलने निकली एक महिला से बाइक सवार बदमाशों ने चाकू की नोंक पर चैन छीन ली और फरार हो गए। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। यह पूरी घटना गुना के वीआईपी इलाके की है, जहां कलेक्टर, एसपी और जज के सरकारी आवास स्थित हैं। मंगलवार सुबह जब एक महिला रोज की तरह टहलने निकली थीं, तभी दो बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें निशाना बना लिया।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने महिला को रोककर चाकू दिखाया और गले से सोने की चैन छीन ली। महिला ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने उन्हें धमकाया और कुछ ही सेकंड में मौके से फरार हो गए। घटना के बाद महिला ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
सबसे बड़ी बात यह है कि यह घटना ऐसे इलाके में हुई है, जिसे शहर का सबसे सुरक्षित क्षेत्र माना जाता है। यहां आला अधिकारियों के बंगले होने के बावजूद इस तरह की वारदात ने लोगों को हैरान कर दिया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि जब वीआईपी इलाके में ही सुरक्षा का यह हाल है, तो शहर के अन्य हिस्सों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। फिलहाल पुलिस जल्द आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।