चूहा मार दवाई बनाने वाली फैक्टरी में लगी आग, लोगों ने भागकर बचाई जान | SAGAR TV NEWS |
चूहा मार दवाई बनाने वाली फैक्टरी में अचानक से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे अफरा-तफरी का माहौल हो गया। आनन-फानन में कर्मचारी वहां से भागे और अपनी जान बचाई। काफी देर तक फैक्टरी से धुएं के गुबार और लपटें उठती रहीं। यह पूरी घटना इंदौर शहर के पालदा इलाके से सामने आई है, जहां चूहामार दवा बनाने वाली एक फैक्ट्री में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना के समय फैक्ट्री में कर्मचारी काम कर रहे थे।
मिली जानकारी के मुताबिक, आग उस समय लगी, जब फैक्ट्री में नियमित रूप से उत्पादन कार्य चल रहा था। आग की लपटें उठते देख कर्मचारियों ने बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। बताया गया कि इस दौरान कुछ कर्मचारियों को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। समय रहते आग को बुझा लिया गया, जिससे कोई बड़ी घटना नहीं हो पाई। साथ ही, आसपास की अन्य इकाइयों को नुकसान नहीं पहुंचा। फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या केमिकल रिएक्शन की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।