अग्निकांड में 8 की मौ त, बृजेश्वरी एनएक्स हादसे पर सख्त जांच, PM ने किया मुआवजे का ऐलान
मध्यप्रदेश के इंदौर के बृजेश्वरी एनएक्स कॉलोनी में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है, जबकि प्रशासन ने मामले की जांच तेज कर दी है। मामला है इंदौर की बृजेश्वरी एनएक्स कॉलोनी का, जहां भीषण आग लगने से 8 लोगों की जान चली गई। सभी शवों का पोस्टमार्टम एमवाय अस्पताल में किया गया है, जबकि अंतिम संस्कार तिलक नगर मुक्तिधाम पर किया जाएगा।
हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। मनोज पुगलिया और उनके परिवार की अंतिम यात्रा उनके निवास से निकलेगी, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होने की संभावना है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों के लिए 2-2 लाख रुपए और घायलों के लिए 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता का ऐलान किया है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर भोपाल से सीनियर आईएएस अधिकारी अनुपम राजन और आईपीएस अधिकारी आदर्श कटियार इंदौर पहुंचे हैं। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस और प्रशासन से विस्तृत जानकारी ली। प्रशासन ने इस हादसे की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को लगाया है।
शुरुआती जांच में आग लगने के कारणों को लेकर कई एंगल सामने आए हैं, जिनमें ईवी व्हीकल चार्जिंग, गैस सिलेंडर और इलेक्ट्रिक लॉक सिस्टम की भूमिका की जांच की जा रही है। अनुपम राजन ने बताया कि ईवी चार्जिंग सिस्टम और सुरक्षा मानकों को लेकर जल्द ही नई गाइडलाइन जारी की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। फिलहाल प्रशासन हर पहलू से जांच में जुटा है, लेकिन यह हादसा कई सवाल छोड़ गया है—क्या सुरक्षा मानकों में चूक हुई… और क्या इस दर्दनाक घटना से सबक लिया जाएगा?