युवती की संदिग्ध मौ त, ह त्या की आशंका, परिजनों के आरोप के बाद एक युवक गिरफ्तार
मध्यप्रदेश के बुरहानपुर में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है। परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला है बुरहानपुर के गणपति नाका थाना क्षेत्र स्थित आलमगंज इलाके का, जहां एक युवती का शव संदिग्ध हालात में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि मृतका एक फर्नीचर शोरूम में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत थी और रोजमर्रा की तरह अपने काम पर जाती थी। लेकिन अचानक उसकी संदिग्ध मौत की खबर सामने आने से परिवार और स्थानीय लोग स्तब्ध रह गए।
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला है। उन्होंने एक युवक पर संदेह जताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की। परिजनों की शिकायत के बाद गणपति नाका थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस मामले में थाना प्रभारी सुरेश महाले ने बताया कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं मृतका की परिजन प्रमिला मेहता ने न्याय की मांग करते हुए दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की बात कही है। फिलहाल इस रहस्यमयी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं… अब सबकी नजर पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हुई है।