एक साथ उठी एक ही परिवार के 8 लोगों की अर्थी, अग्निकांड: EV चार्जिंग से लगी आग
इंदौर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक भीषण आगजनी ने पूरे शहर को शोक में डुबो दिया। इस हादसे में एक ही परिवार के 8 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जिनमें मासूम बच्चे भी शामिल हैं। मामला है इंदौर के बृजेश्वरी एनएक्स इलाके का, जहां मंगलवार सुबह एक घर में अचानक भीषण आग लग गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घर के बाहर खड़ी टाटा की इलेक्ट्रिक कार में चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसने कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। इस भयावह हादसे में घर के मालिक मनोज पुगलिया समेत परिवार के 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हालांकि, इस हादसे में मनोज पुगलिया की पत्नी और उनके तीनों बेटे किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे, लेकिन परिवार के अन्य सदस्यों को नहीं बचाया जा सका।
घटना के बाद सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। जब शवों को तिलक नगर मुक्तिधाम लाया गया, तो वहां का मंजर बेहद दर्दनाक था। एक ही परिवार के 8 लोगों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों ने नम आंखों से अपनों को मुखाग्नि दी। यह दृश्य इतना हृदय विदारक था कि वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। घटना के बाद प्रशासन अलर्ट हो गया है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को वजह माना जा रहा है, लेकिन पूरी सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी। एक छोटी सी लापरवाही या तकनीकी खामी ने पूरे परिवार को खत्म कर दिया… इंदौर का यह हादसा हर किसी को झकझोर रहा है।