मध्यप्रदेश बना रोजगार और कृषि विकास का इंजन, CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान | SAGAR TV NEWS |
मध्यप्रदेश तेजी से रोजगार देने वाले राज्यों में अपनी पहचान बना रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हरदा में आयोजित राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन में यह बड़ा दावा किया। इस दौरान करोड़ों के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन भी किया गया। मामला है हरदा का, जहां आयोजित राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। कार्यक्रम में करीब 199.79 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और 32.48 करोड़ रुपये के कार्यों का भूमि पूजन किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कस्टम हायरिंग सेंटर के जरिए किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों की सुविधा दी जा रही है, जिससे खेती आसान और लाभदायक बन रही है।
मुख्यमंत्री ने हरदा जिले की शहीद दीप सिंह चौहान सिंचाई उद्वहन परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि इससे टेल क्षेत्र के खेतों तक पानी पहुंचेगा और किसानों को बड़ा फायदा होगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा पिछले 20 वर्षों में 55 हजार हेक्टेयर से बढ़कर 55 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में गेहूं 2700 रुपये प्रति क्विंटल तक खरीदा जाएगा और उड़द पर 600 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस दिया जाएगा।
इसके साथ ही गौशालाओं में गायों के रखरखाव के लिए अनुदान राशि बढ़ाकर 40 रुपये प्रति गाय कर दी गई है। डॉ. यादव ने बताया कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए तकनीकी क्षेत्र में काम करने वालों को 5 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। साथ ही अब विश्वविद्यालयों में भी बीएससी कृषि पाठ्यक्रम शुरू किया गया है। हरदा से दिए गए इन संदेशों के साथ सरकार ने साफ कर दिया है कि लक्ष्य है—हर हाथ को काम और हर खेत तक पानी पहुंचाना… अब देखना होगा कि ये योजनाएं जमीन पर कितनी तेजी से उतरती हैं।