ADG के घर पहुंचकर बदमाशों का हंगामा, CCTV में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम
एमपी की राजधानी भोपाल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी को ही बदमाशों ने घर पहुंचकर धमकी दे दी। इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला है भोपाल के त्रिलंगा इलाके का, जहां एडीजी ट्रेनिंग राजाबाबू सिंह के घर के बाहर कुछ अज्ञात युवक पहुंचे और हंगामा करने लगे। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, दो युवक कार में सवार होकर आए और बिना किसी कारण एडीजी के घर के बाहर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने लगे। इतना ही नहीं, युवकों के हाथ में डंडा भी था और वे जान से मारने की धमकी दे रहे थे।
पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि दो युवक कार से उतरते हैं और घर के बाहर खड़े होकर धमकी देते हैं। कुछ देर तक हंगामा करने के बाद दोनों वहां से फरार हो जाते हैं। घटना के बाद एडीजी राजाबाबू सिंह ने शाहपुरा थाना में शिकायत दर्ज कराई है और अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंपे हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के प्रयास में जुटी हुई है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि युवकों ने इस घटना को क्यों अंजाम दिया और उनके पीछे क्या मकसद था।
इस घटना ने एक बार फिर राजधानी में बढ़ते अपराध और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ही सुरक्षित नहीं है, तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ जाती है। भोपाल की सड़कों पर बदमाशों के बुलंद हौसले अब सीधे सिस्टम को चुनौती दे रहे हैं… अब देखना होगा कि पुलिस इन आरोपियों तक कब तक पहुंच पाती है।