प्यार की सजा मौत! प्रताडना से टूटे युवक ने लगाई आग, इलाज के दौरान दम तोड़ा | SAGAR TV NEWS
एमपी के बैतूल जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्यार करना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। लगातार मारपीट और धमकियों से परेशान होकर युवक ने ऐसा कदम उठाया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। दरअसल, मामला शाहपुर थाना क्षेत्र के सोहागपुर ढाना गांव का है, जहां रहने वाले देवेश वर्मा ने मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से तंग आकर खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली। गंभीर हालत में उसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर भोपाल रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि देवेश का एक युवती से प्रेम प्रसंग था। इस बात की जानकारी गांव के कुछ युवकों को लग गई थी, जिसके बाद उन्होंने उसे लगातार निशाना बनाना शुरू कर दिया। परिजनों के अनुसार, आरोपियों द्वारा देवेश को बार-बार बुलाकर मारपीट की जाती थी और जान से मारने की धमकियां दी जाती थीं।
12 मार्च की रात भी एक शादी समारोह में देवेश के साथ जमकर मारपीट की गई। इस घटना से आहत होकर वह घर पहुंचा और बेहद दर्दनाक कदम उठाते हुए खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली। घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए परिजनों ने शव को शाहपुर थाने के सामने रखकर प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है, लेकिन यह घटना एक बार फिर सवाल खड़े करती है कि आखिर कब तक समाज में इस तरह की प्रताड़ना और दबाव के चलते युवाओं की जान जाती रहेगी।