सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने बीच चौराहे पर खु द का टा ग ला फिर हुई मौ त, CCTV में कैद मंजर
एमपी के धार शहर से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने सार्वजनिक स्थान पर खुद को चाकू से घायल कर लिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। मामला धार के आनंद चौपाटी इलाके का है। सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने जब एक युवक को खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़ा देखा, तो इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसमें जो सामने आया, वह बेहद चौंकाने वाला था।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि युवक खुद पैदल आनंद चौपाटी पहुंचता है और कुछ देर तक इधर-उधर टहलता रहता है। वह काफी तनाव में नजर आता है। अचानक वह अपने पास से चाकू निकालता है और खुद को गंभीर रूप से घायल करना शुरू कर देता है। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद युवक पास की एक दुकान तक पहुंचता है और वहां बैठ जाता है। इसके बाद वह खुद को और नुकसान पहुंचाता है और कुछ ही देर में वहीं गिर जाता है। पुलिस ने युवक की पहचान 35 वर्षीय कुणाल जोशी के रूप में की है, जो पहले इंदौर में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करता था। बताया जा रहा है कि करीब दो साल पहले पिता के बीमार होने के बाद उसने नौकरी छोड़ दी थी और परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि युवक पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था और शराब का आदी था।
घटना की सूचना पर सीएसपी सुजावल जग्गा और थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि अत्यधिक खून बहने के कारण युवक की मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। यह घटना एक बार फिर मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता और समय पर मदद की जरूरत की ओर इशारा करती है।