पीएम हाउस में मुर्दा युवक हुआ ज़िंदा, उठकर दौड़ लगाकर नग्न हालत में भागने लगा !
उस समय लोग हैरान रह गए जब पोस्टमार्टम हाउस में एक मुर्दा ज़िंदा हो गया। और नग्न हालत में उठकर भागने लगा। जी हां सच सुना आपने। इस घटना के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया। वहीं अस्पताल के डॉक्टरों की बेहद ही गंभीर लापरवाही सामने आई है। क्योंकि डॉक्टरों ने चेकअप के बाद उसे पोस्टमार्टम हाउस पीएम कराने भेजा था। हैरान कर देने वाली यह घटना एमपी के गुना जिले से सामने आई है। इस मामले में स्वास्थ्य व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। दरअसल जिला अस्पताल में एक 20 साल के युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर पीएम के लिए भेज दिया। लेकिन पीएम कक्ष में ही युवक को अचानक होश आ गया और वह नग्न अवस्था में बाहर भाग निकला। यह मामला जिले में ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक हड्डीमील क्षेत्र निवासी जॉन पारदी ने 11 मार्च को कथित रूप से मानसिक तनाव के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था परिजन और स्थानीय लोग उसे अचेत अवस्था में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। आरोप है कि अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने बिना पर्याप्त जांच के उसे मृत घोषित कर दिया और बॉडी को पीएम हाउस भेज दिया। लेकिन वहां पहुंचने के बाद युवक को अचानक होश आ गया। खुद को नग्न हालत में पोस्टमार्टम रूम के अंदर देख वह घबरा गया और तुरंत वहां से बाहर की ओर भागा। जिसके बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
पीड़ित युवक के मुताबिक अगर उसे समय पर होश नहीं आता तो उसका जीवित हालत में ही पोस्टमार्टम शुरू हो सकता था। जिससे उसकी जान भी जा सकती थी।
इस घटना के सामने आने के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली और संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खबर लिखे जाने तक अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई थी।------