जिला कोर्ट धमाका मामले का खुलासा: पटाखे से फैलाई दहशत, चार आरोपी गिरफ्तार
मध्यप्रदेश के जबलपुर जिला न्यायालय परिसर में हुए धमाके के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि यह कोई आतंकी घटना नहीं, बल्कि दहशत फैलाने की साजिश थी, जिसमें आरोपियों ने दिवाली का पटाखा फोड़कर सनसनी फैलाने की कोशिश की। घटना 16 मार्च की शाम करीब 5 से 5:30 बजे के बीच की है, जब ओमती थाना क्षेत्र स्थित जिला न्यायालय के सीजेएम कोर्ट नंबर-2 के बाहर अचानक तेज धमाके की आवाज गूंजी। आवाज इतनी तेज थी कि कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। वकील, कर्मचारी और आम लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे।
घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आईं और पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू की गई। करीब तीन दिन की जांच और सुराग जुटाने के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनुज राजपूत, तन्मय राजपूत, दक्ष राजपूत और अरुण श्रीपाल के रूप में हुई है, जो माढ़ोताल थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने जानबूझकर कोर्ट परिसर जैसे संवेदनशील स्थान को चुना, ताकि लोगों में भय का माहौल बनाया जा सके और अपना वर्चस्व दिखाया जा सके। इस घटना से कुछ समय के लिए पूरे न्यायालय परिसर में दहशत का माहौल बन गया था।
सीएसपी सोनू कुर्मी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 287, 125, 132/3 और 132/5 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। इस खुलासे के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है, लेकिन साथ ही यह भी साफ कर दिया है कि इस तरह की हरकतें किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं इसके पीछे कोई बड़ा मकसद तो नहीं था।