पोस्टर वार अमिताभ बच्चन पर कांग्रेस का तंज, ट्वीट करवाओ-51 हजार पाओ’ का ऐलान
मध्यप्रदेश के इंदौर में गिरते रुपये को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन करते हुए महानायक अमिताभ बच्चन को निशाने पर ले लिया है। शहर में पोस्टर लगाकर कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया है कि साल 2013 में रुपये की गिरावट पर चिंता जताने वाले अमिताभ बच्चन आज चुप क्यों हैं? दरअसल, डॉलर के मुकाबले लगातार कमजोर हो रहे रुपये को लेकर देशभर में बहस छिड़ी हुई है। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने इंदौर में पोस्टर वार शुरू कर दिया है। पोस्टरों में अमिताभ बच्चन का पुराना ट्वीट दिखाते हुए तंज कसा गया है कि तब आवाज उठाने वाले आज खामोश क्यों हैं। कांग्रेस नेता विवेक खंडेलवाल ने इस मुद्दे पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि जब रुपया पहले गिरा था, तब कई फिल्मी हस्तियों ने खुलकर प्रतिक्रिया दी थी, लेकिन अब जब रुपया 93 के पार पहुंच चुका है, तो बड़े सितारे चुप्पी साधे हुए हैं।
मामले को और गर्माते हुए कांग्रेस ने 51 हजार रुपये के इनाम का भी ऐलान कर दिया है। पार्टी का कहना है कि जो कोई भी अमिताभ बच्चन से इस मुद्दे पर ट्वीट करवा देगा या उनकी प्रतिक्रिया दिलवा देगा, उसे यह इनाम दिया जाएगा। वहीं इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी ने पलटवार करते हुए कांग्रेस के इस कदम को “नौटंकी” करार दिया है। भाजपा नेता आलोक दुबे ने कहा कि कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दे नहीं बचे हैं, इसलिए वह इस तरह के हथकंडे अपना रही है। भाजपा का कहना है कि रुपये में गिरावट वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों का असर है, लेकिन कांग्रेस इसे राजनीतिक रंग देकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। कुल मिलाकर, गिरते रुपये को लेकर सियासी पारा चढ़ता जा रहा है। एक ओर कांग्रेस इसे आर्थिक कुप्रबंधन बता रही है, तो वहीं भाजपा वैश्विक कारणों का हवाला दे रही है। लेकिन इन आरोप-प्रत्यारोप के बीच आम जनता पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है, जो सबसे बड़ी चिंता का विषय है।