आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई! महिला के घर से लाखों की अवैध शराब बरामद
एमपी के उज्जैन से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में विदेशी मदिरा और बीयर बरामद की गई है, जिसकी कीमत लाखों में आंकी जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, अवैध मदिरा के भंडारण, विक्रय और परिवहन पर नियंत्रण के लिए कलेक्टर रौशन कुमार सिंह के निर्देशन और सहायक आबकारी आयुक्त निधि जैन के मार्गदर्शन में विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी कड़ी में आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी अधिकारी मुकेश रंधा के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।
टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मक्सी रोड स्थित गोपालपुरा इलाके में एक महिला के घर में बड़ी मात्रा में अवैध विदेशी शराब रखी गई है। सूचना की पुष्टि होते ही टीम ने तत्काल दबिश देने की योजना बनाई और वृत प्रभारी हिमांशु अग्रवाल के नेतृत्व में मौके पर कार्रवाई की गई।
जब टीम ने गोपालपुरा स्थित भारती पति पवन मोची के घर पर छापा मारा, तो वहां से झोलों में भरी भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। जब्त शराब में ऑल सीजन, मैजिक मोमेंट, 8 पीएम, पिंक वोडका, मेंगो चिली, सिग्नेचर और बोल्ट बियर जैसी कई ब्रांड शामिल हैं।
कुल मिलाकर 82.25 बल्क लीटर अवैध विदेशी मदिरा बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 10 हजार रुपए बताई जा रही है। मौके से आरोपी महिला भारती को गिरफ्तार कर लिया गया है।
आरोपिया के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) और 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस और आबकारी विभाग इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटे हुए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध कारोबार के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।